स्कूल की पुरानी शिकायत का लिया बदला : मेडिकल छात्र का कार से अपहरण कर एक घंटे तक की पिटाई
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुरानी रंजिश के चलते मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के अपहरण और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में चौथे सेमेस्टर में पढ़ने वाले छात्र अरिहंत दीक्षित को उसके पुराने स्कूली सहपाठियों ने मिलने के बहाने बुलाया और फिर जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया। आरोपियों ने करीब एक घंटे तक चलती कार में छात्र की लात-घूंसों से पिटाई की। इसके बाद उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मिलने के बहाने बुलाया, फिर कार में किया अपहरण
जानकारी के मुताबिक, अरिहंत दीक्षित दिवाली की छुट्टियों में अपने घर बिलासपुर आया हुआ था। इसी दौरान उसके पुराने स्कूली साथियों ने बातचीत करने के बहाने उसे नूतन चौक पर मिलने के लिए बुलाया। अरिहंत जब वहां पहुंचा तो आरोपियों ने पहले सामान्य बातचीत की और फिर मौका मिलते ही उसे जबरन अपनी कार में बैठा लिया।
इसके बाद आरोपी उसे लेकर कोनी क्षेत्र की सुनसान सड़कों की ओर निकल गए। चलती कार में तीनों ने मिलकर करीब एक घंटे तक छात्र की बेरहमी से पिटाई की। लगातार मारपीट के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी उसे नूतन चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।
स्कूल के दिनों की शिकायत बनी रंजिश की वजह
इस घटना के पीछे स्कूल के दिनों का पुराना विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, डीएवी स्कूल में पढ़ाई के दौरान कुछ सहपाठियों ने अरिहंत की टोपी खींच दी थी। इस हरकत से नाराज अरिहंत ने इसकी शिकायत शिक्षक से कर दी थी। शिक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित छात्रों को फटकार लगाई थी।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर आरोपी अरिहंत से नाराज थे। स्कूल के दिनों की इस पुरानी घटना का बदला लेने के लिए उन्होंने कई साल बाद उसे निशाना बनाया और अपहरण कर मारपीट की वारदात को अंजाम दिया।
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
मारपीट के बाद घायल अरिहंत किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सरकंडा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रितिक मिश्रा, सिद्धि विनायक सोनकर और आदित्य सरकार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन