Mahadev Betting App Case : CBI ने सौरभ चंद्राकर को कोर्ट में किया पेश, ED ने मांगी कस्टडी
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। उसकी 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद जांच एजेंसी ने दोबारा रिमांड की मांग नहीं की। CBI ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सौरभ चंद्राकर के खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट को निष्पादित कराने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सौरभ को अदालत लाया गया। इस दौरान CBI और ED के अधिकारी भी मौजूद रहे। कोर्ट में दोनों पक्षों की ओर से दलीलें पूरी हो चुकी हैं।
ED और बचाव पक्ष ने रखी अपनी दलीलें
अदालत में ED की ओर से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की पैरवी तुषार गिरी ने की। दोनों पक्षों के बीच सुनवाई के दौरान अपनी-अपनी दलीलें पेश की गईं। ED ने सौरभ के खिलाफ पहले से जारी गैर-जमानती वारंट पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, CBI ने 8 दिन की पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने का अनुरोध किया है।
चार अधिकारियों को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया
मामले की जांच के सिलसिले में चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया है। जांच एजेंसियां महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े नेटवर्क और कथित वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही हैं।
CBI और ED दोनों कर रही हैं जांच
बता दें कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने जांच के लिए 13 FIR केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी थीं। इनमें से दो मामलों में CBI चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। वहीं, ED भी इस मामले की मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है। एजेंसी सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दाखिल कर चुकी है।
फिलहाल मामले में अदालत की सुनवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन