CG News : बैंक में पैसे जमा कराने पहुंची महिला, 50 रुपये के 25 नोट निकले नकली; FIR दर्ज
रायपुर। राजधानी के दलदल सिवनी स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखा में पैसे जमा कराने पहुंची एक महिला के पास से 50-50 रुपये के 25 जाली नोट मिले हैं। महिला बैंक में कुल 12,350 रुपये जमा कराने पहुंची थी। कैश काउंटर पर नोटों की जांच के दौरान बैंककर्मियों को इन नोटों पर संदेह हुआ। इसके बाद एडवांस मशीन और UV लैंप से जांच की गई, जिसमें नोटों में सुरक्षा संबंधी जरूरी फीचर नहीं पाए गए। बैंक ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की दलदल सिवनी शाखा के प्रबंधक संजय मिश्रा ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 12 नवंबर को खाताधारक जानकी वराठे अपने खाते में 12,350 रुपये जमा कराने पहुंची थी। उसने कैश काउंटर पर 50 और 100 रुपये के नोट दिए थे। जांच के दौरान 50 रुपये के 25 नोट नकली पाए गए, जिनकी कुल कीमत 1,250 रुपये है।
बैंक प्रबंधन ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
बैंक प्रबंधक संजय मिश्रा ने शिकायत में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों का हवाला दिया है। इसके मुताबिक, एक ही लेनदेन में चार से अधिक नकली नोट मिलने पर FIR दर्ज कराना अनिवार्य है। इसी आधार पर बैंक प्रबंधन ने पंडरी थाने में आवेदन दिया।
पुलिस ने महिला जानकी वराठे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 179 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला के पास नकली नोट कहां से आए और इन्हें किसने दिया था।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन