बिलासपुर में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत : मां ने मोहल्ले के युवक पर लगाया हत्या का आरोप
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी पर बेटी के साथ मारपीट करने और उसकी जान लेने का गंभीर आरोप लगाया है। मां का कहना है कि घटना से पहले बेटी ने फोन पर रोते हुए युवक द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी। बाद में युवक ने फोन कर पहले अस्पताल में भर्ती कराने और फिर फांसी लगाने की बात बताई। रात करीब 8 बजे सिम्स में किशोरी की मौत हो गई। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, घुरु निवासी मीना डहरिया मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनकी बेटी आरुषि (17) एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान दोपहर में मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी ने मोबाइल पर मैसेज भेजकर उसे मिलने बुलाया। परिचित होने के कारण आरुषि उससे मिलने चली गई।
मां को फोन कर रोते हुए बताई मारपीट की बात
मीना के अनुसार, कुछ समय बाद बेटी का फोन आया, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण वह कॉल नहीं उठा सकीं। काम से छुट्टी मिलने के बाद जब उन्होंने बेटी को फोन किया तो आरुषि रो रही थी। उसने बताया कि दुर्गेश उसके साथ मारपीट कर रहा है। घबराहट के कारण वह अपनी लोकेशन नहीं बता पाई। इसके बाद मां अपने काम में लग गईं।
शाम करीब 6 बजे दुर्गेश ने मीना को फोन कर बताया कि आरुषि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ देर बाद उसने दोबारा कॉल कर जानकारी दी कि आरुषि ने फांसी लगा ली है और उसे सिम्स लाया गया है। रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली।
शरीर पर चोट के निशान, मां ने जताई हत्या की आशंका
बेटी का शव देखने के बाद मीना ने दुर्गेश पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि आरुषि के पैर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे। मां ने आशंका जताई कि बेटी के साथ मारपीट की गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस
सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे के मुताबिक, परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उन्होंने युवक पर मारपीट और हत्या के आरोप लगाए हैं। किशोरी के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। फिलहाल पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन