CG News : व्हाट्सएप निवेश के नाम पर बड़ी ठगी, डॉक्टर के खाते से 37.5 लाख रुपये उड़ाए
रायपुर : न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के जैन कालोनी मार्ग, आम्रापाली सोसायटी, पचपेडीनाका में रहने वाले एक दांत के चिकित्सक के साथ ऑनलाइन निवेश ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि दिनांक 02 फरवरी 2026 को उनके मोबाइल नंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने VIP23 Stock Market Strategy Exchange Group नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। पीड़ित ने बताया कि ग्रुप एडमिन के मोबाइल नंबर 1(808) 9891382 और 1(281) 8468060 थे। ग्रुप के माध्यम से उन्हें बताया गया कि वे शेयर मार्केट में निवेश कर सकते हैं और इससे उन्हें अच्छा मुनाफा मिलेगा। ग्रुप में जोड़े जाने के बाद यह भी कहा गया कि उन्हें एक माह तक ग्रुप में बने रहना होगा। साथ ही, शेयर मार्केट निवेश संबंधी पुस्तक का पब्लिकेशन 28 मार्च 2026 को मुंबई में किया जाएगा।
ग्रुप में बताया गया कि वेल्थ एनालिसिस नामक एप और FARLEY LLC प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश किया जाएगा, जो सेबी से रजिस्टर्ड है। निवेश करने के लिए पहले एक माह का कोर्स करना आवश्यक था। इसके बाद अलग-अलग ग्रुप में निवेश के अवसर दिए जाएंगे, ताकि व्यक्ति अपनी बचत के हिसाब से राशि निवेश कर सके। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने ग्रुप के निर्देशानुसार अपने मोबाइल नंबर को Victory Vanguards 2 Team ग्रुप में जोड़ लिया और अपने Axis Bank खाता क्रमांक 9160100******** और ICICI Bank खाता क्रमांक 47******** से अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन निवेश किया।
निवेश की गई राशि इस प्रकार रही:
25-02-2026: 50,000 रुपये
27-02-2026: 50,000 रुपये
28-02-2026: 1,00,000 रुपये
01-03-2026: 3,00,000 रुपये
04-03-2026: 6,00,000 रुपये
06-03-2026: 2,00,000 रुपये
09-03-2026: 3,50,000 रुपये
10-03-2026: 2,00,000 रुपये
14-03-2026: 10,00,000 रुपये
14-03-2026: 10,00,000 रुपये
कुल मिलाकर पीड़ित ने लगभग 20,00,000 रुपये उनके खाते में ट्रांसफर किए। इसके अलावा, एडमिन द्वारा 05-03-2026 और 09-03-2026 को उन्हें दो किस्तों में 50,000 रुपये और 50,000 रुपये यानी कुल 1,00,000 रुपये वापस भेजा गया, जिसे पीड़ित ने निकाल लिया। हालांकि, बची हुई राशि लगभग 37,50,000 रुपये उनके पास वापस नहीं आई। पीड़ित का आरोप है कि एडमिन और ग्रुप के अन्य सदस्य उनके पैसे लेकर अपना नाम छुपाने और निवेश का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी कर गए। इस धोखाधड़ी के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। पीड़ित ने बताया कि यह पूरी योजना ठगी करने के उद्देश्य से की गई थी।
ग्रुप के माध्यम से किए गए वादों और एप के भरोसे उन्होंने इतनी बड़ी रकम ट्रांसफर की, जबकि वास्तविकता में किसी भी निवेश का कोई कार्य नहीं किया गया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और धन की वसूली की मांग की है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऑनलाइन निवेश और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऐसे निवेश प्रस्तावों में सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। अविश्वसनीय स्रोतों से आने वाले निवेश सुझाव या एप में तुरंत बड़ी रकम भेजना जोखिम भरा हो सकता है। यह मामला रायपुर और आसपास के क्षेत्र में ऑनलाइन निवेश ठगी के बढ़ते मामलों की चेतावनी देता है। स्थानीय पुलिस ने शिकायत दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन