जांजगीर-चांपा में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई : 3 हाईवा और 5 ट्रैक्टर जब्त
जांजगीर-चांपा: जिले में रेत और अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन करते पाए गए 3 हाईवा और 5 ट्रैक्टर जब्त किए गए।
खनिज विभाग के अनुसार, संयुक्त टीम ने बम्हनीडीह क्षेत्र के पिपरदा, पुछेली, बिर्रा, गतवा सहित शिवरीनारायण और केवा-नवापारा क्षेत्र में जांच की। जांच के दौरान पिपरदा से 1 हाईवा, बिर्रा क्षेत्र से 2 ट्रैक्टर, शिवरीनारायण क्षेत्र से 3 ट्रैक्टर और केवा-नवापारा क्षेत्र से 2 हाईवा को अवैध खनिज परिवहन करते पकड़ा गया।
सुरक्षा की दृष्टि से जब्त किए गए वाहनों को थाना बिर्रा, थाना शिवरीनारायण और कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है। कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन से जुड़े कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
इनमें 5 प्रकरण अवैध रेत परिवहन, 1 प्रकरण गिट्टी और 2 प्रकरण ईंट के अवैध परिवहन से संबंधित हैं। विभाग द्वारा दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन