दर्दनाक हादसा : करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, मां की हालत गंभीर
बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना नेहरू चौक की है। यहां राकेश गुप्ता के घर के बाहर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजरती है, जो मकान से महज पांच फीट की दूरी पर है। बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के लिए पत्नी वर्षा और बेटा ईशान आगे आए, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए।
हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, घर के इतने करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन