CG Dhan procurement re-token : बारिश में धान नहीं बेच पाए किसानों को बड़ी राहत, दोबारा मिलेगा टोकन; साय सरकार का बड़ा फैसला
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश के कारण निर्धारित तारीख पर धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को राज्य सरकार ने राहत दी है। जिन किसानों का धान उपार्जन केंद्र तक नहीं पहुंच पाया और उनका टोकन निरस्त हो गया, उन्हें दोबारा टोकन लेकर धान बेचने का अवसर मिलेगा।
'तुहर टोकन' ऐप से मिलेगा नया टोकन
मार्कफेड के एमडी जितेंद्र शुक्ला के अनुसार, जिन किसानों की फसल कटाई में देरी हुई है या बारिश और तकनीकी कारणों से तय तारीख पर धान खरीदी नहीं हो सकी, उन्हें दोबारा टोकन जारी किया जाएगा। इसके लिए किसान 'तुहर टोकन' मोबाइल ऐप, संबंधित सहकारी समिति या जिला खाद्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर घटेगा मौका
नियमों के मुताबिक, पहली बार टोकन निरस्त होने पर किसान को दोबारा टोकन लेकर धान बेचने का मौका मिलेगा। लेकिन दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर किसान की अधिकतम टोकन सीमा में से एक मौका कम कर दिया जाएगा।
टोकन की अधिकतम सीमा लघु एवं सीमांत किसानों के लिए दो और बड़े किसानों के लिए तीन निर्धारित की गई है।
तारीख और मात्रा का रखना होगा ध्यान
धान खरीदी के लिए किसानों को टोकन में दर्ज तारीख पर ही उपार्जन केंद्र पहुंचना होगा। निर्धारित समय पर धान नहीं लाने या टोकन में दर्ज मात्रा से कम धान लाने पर शेष मात्रा की खरीदी निर्धारित नियमों के अनुसार होगी।
सरकार की इस व्यवस्था से बारिश और अन्य कारणों से धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को अपनी उपज बेचने का एक और अवसर मिलेगा।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन