आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई : शराब की खेप के साथ 3 वाहन जब्त; एक गिरफ्तार, दो बालक निरुद्ध
जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दरभा थाना क्षेत्र में दबिश देकर टीम ने मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
1261 लीटर से अधिक शराब बरामद
आबकारी विभाग के अनुसार, मुखबिर से अवैध शराब की खेप पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर जगदलपुर रेंज की टीम ने दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश दी। तलाशी के दौरान मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 7010 बोतलें बरामद हुईं। इनकी कुल मात्रा 1261.8 बल्क लीटर बताई गई है। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 9.46 लाख रुपये आंकी गई है।
शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी विभागीय टीम ने अपने कब्जे में ले लिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो बालक निरुद्ध
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने प्रवीण बघेल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। इस दौरान एक अन्य आरोपी सुनील सेठिया मौके से फरार होने में कामयाब रहा। विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी है।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन