राजा रघुवंशी के परिवार में फिर पसरा मातम : करीबी दोस्त अर्पित चौहान की संदिग्ध हालत में मौत
इंदौर: चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के बाद एक बार फिर उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राजा रघुवंशी के करीबी दोस्त अर्पित चौहान का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक, अर्पित का शव इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र स्थित उनके साले के मकान में फंदे पर लटका मिला।
बताया जा रहा है कि अर्पित चौहान ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अर्पित चौहान मूल रूप से इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित अरिहंत नगर के रहने वाले थे। राजा रघुवंशी और अर्पित की दोस्ती करीब 8 से 10 साल पुरानी बताई जा रही है। राजा की हत्या के बाद अर्पित उनके हिस्से का ट्रांसपोर्ट कारोबार संभाल रहे थे। इसके साथ ही वह रघुवंशी परिवार के साथ हर सुख-दुख में मजबूती से खड़े रहे।
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि राजा, अर्पित और उनके साले मिलकर ट्रांसपोर्ट का कारोबार संभालते थे। राजा की मौत के बाद अर्पित ने आगे बढ़कर उनके हिस्से के कारोबार की जिम्मेदारी संभाली। विपिन के मुताबिक, अर्पित सिर्फ कारोबार ही नहीं देख रहे थे, बल्कि परिवार को भी भावनात्मक रूप से संभाल रहे थे।
विपिन ने अर्पित और राजा की पुरानी दोस्ती को याद करते हुए बताया कि राजा की शादी की तैयारियों और शॉपिंग के दौरान अर्पित हर समय उनके साथ रहते थे। राजा ने शादी के कार्यक्रमों के लिए जो कपड़े पसंद किए थे, अर्पित ने भी अपनी शादी के लिए उनसे मिलते-जुलते कपड़े खरीदे थे।
विपिन ने बताया कि हाल ही में राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर बेटे का जन्म हुआ था। परिवार ने इसे राजा का पुनर्जन्म मानते हुए खुशी मनाई थी। उस दौरान अर्पित भी परिवार के साथ बेहद खुश थे और उन्होंने जश्न में हिस्सा लिया था। अब अर्पित की अचानक मौत से रघुवंशी परिवार को एक और गहरा सदमा लगा है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन