CG News : प्लॉट के अंदर मिली सड़ी-गली लाश, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मालदा घाट स्थित बाउंड्री वॉल से घिरे एक प्लॉट के अंदर घने जंगल में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह एक महिला की नजर प्लॉट के अंदर पड़े शव पर पड़ी। महिला ने इसकी जानकारी ग्रामीणों, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों को दी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही व्यक्ति की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन