CG Gangrape Case : 13 साल की मासूम से सामूहिक दुष्कर्म, डर के चलते एक महीने तक छिपाए रखा दर्द
CG Gangrape Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 साल की नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दो नाबालिगों ने बालिका को अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया और किसी को इसकी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी डर के चलते पीड़िता करीब एक महीने तक चुप रही। बाद में तबीयत बिगड़ने पर उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 सितंबर की बताई जा रही है। पीड़िता आठवीं कक्षा में पढ़ती है और अपनी एक सहेली से मिलने उसके घर गई थी। उस दौरान सहेली घर पर मौजूद नहीं थी, लेकिन उसका भाई और एक अन्य नाबालिग वहां थे। आरोप है कि दोनों ने बालिका को अकेला पाकर उसे धमकाया और उसके साथ गलत हरकत की। इसके बाद घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
बताया जा रहा है कि मामले में शामिल एक आरोपी ने पढ़ाई छोड़ दी है, जबकि दूसरा नौवीं कक्षा का छात्र है। दोनों की उम्र क्रमशः 14 और 16 वर्ष बताई गई है। आरोपी और पीड़िता एक ही आवासीय कॉलोनी में रहते हैं। उनके परिवारों के बीच भी परिचय था। दोनों पक्षों के माता-पिता मजदूरी करते हैं और सुबह काम पर चले जाते हैं।
घटना के बाद डरी हुई बालिका घर लौट आई, लेकिन उसने किसी को कुछ नहीं बताया। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे। परिजनों ने जब उसकी परेशानी का कारण पूछा, तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी मां को दी।
इसके बाद पीड़िता के परिजन शिकायत लेकर विधानसभा थाने पहुंचे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन