CG News : जंगल में छिपा था नक्सलियों के हथियारों का जखीरा, जवानों ने AK-47 से BGL शेल तक किया बरामद
दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के कोहकाबेड़ा-बुरदूम के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटकों का डंप बरामद किया है। डंप से AK-47, INSAS राइफल, BGL लॉन्चर, बड़ी संख्या में गोलियां, कुकर बम, टिफिन बम और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया गया था। जिला बल, DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त टीम 5 अक्टूबर से मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगलों में एरिया डोमिनेशन कर रही थी। इसी दौरान 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे जवानों को जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप मिला।
AK-47 और INSAS समेत हथियार बरामद
एसपी चंद्रमोहन सिंह के मुताबिक, बरामद सामग्री में एक AK-47 राइफल, उसकी मैगजीन और 23 राउंड गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा एक INSAS राइफल और उसकी मैगजीन भी बरामद की गई है। जवानों को मौके से 6 भरमार बंदूकें और एक BGL लॉन्चर भी मिला है।
सुरक्षा बलों ने डंप से BGL के 9 शेल और 5 अन्य BGL राउंड बरामद किए हैं। इसके साथ ही 315 बोर के 138 राउंड भी मिले हैं। बरामद हथियार और गोला-बारूद को सुरक्षा बलों ने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
कुकर बम और टिफिन बम भी मिले
नक्सली डंप से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। जवानों को 8 कुकर बम और 4 टिफिन बम मिले हैं। इसके अलावा करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर और पिस्टन रॉड स्प्रिंग के 24 नग भी बरामद किए गए हैं।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को वॉकी-टॉकी सेट, तीर बम, दो इन्वर्टर, एक मल्टीमीटर और नक्सली वर्दी के दो जोड़ी भी मिले हैं। बरामद सभी सामग्री को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत कब्जे में लिया गया है।
इंटेलिजेंस इनपुट पर तेज की गई थी सर्चिंग
एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि बारसूर थाना क्षेत्र के मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के पहाड़ी इलाकों में एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाया जा रहा था। नक्सली डंप की सटीक सूचना मिलने के बाद CRPF और DRG की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान तेज किया, जिसके बाद यह बड़ी बरामदगी सामने आई।
उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में DRG और CRPF के जवानों की मेहनत के साथ मजबूत इंटेलिजेंस और इंफॉर्मेशन गैदरिंग नेटवर्क की अहम भूमिका रही। पुलिस को अन्य इलाकों में भी नक्सली डंप से संबंधित सूचनाएं मिल रही हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।
फिलहाल बरामद हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन बढ़ा दिया है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन