स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर फोकस : मुंगेली पुलिस-परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, SNG कॉलेज में वाहनों की फिटनेस जांच
मुंगेली - शिक्षण सत्र के प्रारंभ होने से पूर्व जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से स्कूल बसों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार (भा.प्र.से.)एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में एसएनजी कॉलेज मैदान में आयोजित इस विशेष जांच अभियान के दौरान स्कूल बसों की तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित 16 बिन्दुओं मे सुरक्षा मानकों के अनुरूप किए गए निरीक्षण में जिले की 29 स्कूल बसें जांच के लिए पहुंची। निरीक्षण के दौरान बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों का परीक्षण किया गया। वहीं अनुपस्थित बसों के संचालकों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई। निरीक्षण में 10 बसों में फर्स्ट एड बाक्स, जीपीएस, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की कमी पाई गई। संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया कि सभी कमियों को तत्काल दूर कर शिक्षण सत्र प्रारंभ होने से पूर्व निर्धारित मानकों के अनुरूप बसों का संचालन सुनिश्चित करें।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी सहभागिता निभाई। बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए रक्तचाप, शुगर एवं नेत्र परीक्षण किया गया, ताकि बच्चों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया जाता है तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
अपील:- सभी विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई। यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाते रहेंगे, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन