7th November 2026

BREAKING NEWS

फैमिली कोर्ट के जज के खिलाफ FIR दर्ज करने के मामले में लाइन अटैच

करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, अब मां ने भी तोड़ा दम

8-10 हजार करोड़ का हुआ कारोबार; सराफा और ऑटोमोबाइल बाजार में रौनक

भारतीय मूल के लोगों ने ट्रंप को भेंट की हनुमान चालीसा

नेपाल में खेला जाएगा वर्ल्ड कप क्वालीफायर, तारीखों का ऐलान

Advertisment

CG News : डॉक्टरों के लिए बड़ी खुशखबरी! रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में बढ़ी पीजी की सीटें

Media Yodha Desk Sat, Nov 7, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों के लिए अच्छी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के तीन शासकीय मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर (PG) की 33 नई सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके साथ ही कुल सीटों की संख्या 265 से बढ़कर 298 हो गई है। सीटों में हुई इस बढ़ोतरी से अब 33 अतिरिक्त डॉक्टरों को विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी की सीटें बढ़ना इसी दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों से प्रशिक्षित होने वाले विशेषज्ञ डॉक्टर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रायपुर मेडिकल कॉलेज में बढ़ीं सबसे ज्यादा सीटें

6 नवंबर को जारी संशोधित सीट सूची के मुताबिक, रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में पीजी की 19 सीटें बढ़ाई गई हैं। इससे यहां सीटों की संख्या 146 से बढ़कर 165 हो गई है।

वहीं, बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में 8 नई सीटें जुड़ी हैं। अब यहां 91 के बजाय 99 सीटों पर प्रवेश मिलेगा। इसी तरह जगदलपुर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 6 सीटों की वृद्धि हुई है। यहां कुल सीटें 28 से बढ़कर 34 हो गई हैं।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में मिलेगी मदद

पीजी की पढ़ाई करने वाले डॉक्टर मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में मरीजों की जांच और इलाज में भी हिस्सा लेते हैं। ऐसे में सीटों की संख्या बढ़ने से न केवल अधिक डॉक्टरों को विशेषज्ञता हासिल करने का मौका मिलेगा, बल्कि अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए अतिरिक्त चिकित्सकीय सहयोग भी उपलब्ध होगा। इससे प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन