दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं : करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, अब मां ने भी तोड़ा दम
बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में करंट लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से पिता और बेटे की मौके पर ही जान चली गई थी। वहीं गंभीर रूप से झुलसी मां ने भी शनिवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे ने दिवाली की खुशियों को मातम में बदल दिया है। घटना के बाद से परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
घर की सफाई करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नेहरू चौक निवासी राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह अपने घर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। राकेश की चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने पहुंची पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आ गए।
हादसे में राकेश और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया। रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शनिवार सुबह उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
हादसे का वीडियो आया था सामने
इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया था। इसमें हाईटेंशन बिजली लाइन से करंट और आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही थीं। आग की चपेट में घर की बालकनी भी आ रही थी। घटना का यह भयावह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए थे।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। जिस घर में दिवाली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन