CG News : गरबा नाइट में हंगामा, बजरंग दल और आयोजकों के बीच विवाद ने लिया मारपीट का रूप; वीडियो वायरल
दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नवरात्रि के दौरान आयोजित गरबा नाइट कार्यक्रम में विवाद का मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच तीखी बहस के बाद झूमाझटकी और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
फिल्मी गानों और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर जताया विरोध
जानकारी के अनुसार, पूर्व महापौर और दुर्ग शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से हॉकी ग्राउंड में दो दिवसीय गरबा नाइट कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गरबा में फिल्मी गाने बजाए जाने और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई।
वायरल वीडियो में बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर चढ़कर माइक के जरिए विरोध जताते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान आयोजकों और रामलोचन तिवारी के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी और मारपीट होने की बात सामने आई है।
मंच से माइक पर कही ये बातें
वायरल वीडियो में रामलोचन तिवारी गरबा को मां दुर्गा की उपासना का पर्व बताते हुए फिल्मी गाने नहीं बजाने की बात कहते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मुस्लिम युवकों की एंट्री पर भी आपत्ति जताई और इस संबंध में अपनी बात रखी।
घटना के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, आयोजकों की ओर से इस विवाद को लेकर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर रही पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। विवाद के दौरान हुई झूमाझटकी और मारपीट को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन