दुर्गा पूजा के दौरान 6 शहरों में बड़े हादसे : कोलकाता से यूपी तक 43 लोगों की मौत; कई घायल
नई दिल्ली : देशभर में नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी बीच शनिवार रात अलग-अलग राज्यों के छह शहरों से दर्दनाक हादसों की खबरें सामने आईं। इन घटनाओं में कुल 42 लोगों की मौत होने की जानकारी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बेकाबू ट्रक की टक्कर, पश्चिम बंगाल के आसनसोल में निर्माणाधीन चिमनी का हिस्सा गिरने और हैदराबाद में डांडिया कार्यक्रम के दौरान लाइटिंग स्टैंड गिरने जैसी घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बलरामपुर और महाराष्ट्र के नासिक में भी हादसे हुए।
1. कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 19 लोगों की मौत
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने आयोजकों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बारिश शुरू होने के बाद पंडाल के बाहर इंतजार कर रही भीड़ अचानक आगे बढ़ने लगी। इसी दौरान धक्का-मुक्की हुई और कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद भगदड़ मच गई।
मृतकों के परिजनों की ओर से यह आरोप भी सामने आया कि निजी सुरक्षा कर्मियों के सीटी बजाने के बाद प्रवेश के लिए इंतजार कर रही भीड़ में अचानक अफरा-तफरी फैल गई। घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की बात कही गई है।
2. ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास बेकाबू ट्रक ने लोगों को कुचला, 15 की मौत
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर के पास बड़ा हादसा हुआ। जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर धान की बोरियों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर दुकानों में घुस गया। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक पहाड़ी से नीचे उतरते समय चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और मंदिर के मुख्य बाहरी गेट के पास बनी दुकानों से जा टकराया। हादसे में कई दुकानें और दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों में बच्चे और दो पुलिसकर्मी भी शामिल बताए गए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने की जानकारी सामने आई है।
3. आसनसोल के पावर प्लांट में चिमनी का हिस्सा गिरा, चार की मौत
पश्चिम बंगाल के आसनसोल के जमुड़िया इलाके में एक पावर प्लांट में निर्माण कार्य के दौरान चिमनी का हिस्सा ढह गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।
घटना श्याम एसईएल एंड पावर लिमिटेड परिसर में हुई, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे के समय वहां कई लोग मौजूद थे। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन चार लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
4. हैदराबाद में डांडिया कार्यक्रम के दौरान लाइटिंग स्टैंड गिरा, छात्रा की मौत
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान लाइटिंग स्टैंड गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हवा के कारण रोशनी के लिए लगाया गया स्टैंड गिर गया, जिसकी चपेट में आने से छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
5. बलरामपुर में दुर्गा पंडाल के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर, तीन की मौत
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के चरनगहिया बेलहा गांव में दुर्गा पंडाल के पास सड़क किनारे वीडियो देख रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में सात लोग घायल हो गए। इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई।
घटना बलरामपुर देहात थाना क्षेत्र की बताई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेने की जानकारी दी है।
6. नासिक में पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं को कार ने कुचला, SI की मौत
महाराष्ट्र के नासिक जिले के नांदुरी इलाके में तेज रफ्तार कार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। इस हादसे में सब-इंस्पेक्टर विजय गायकवाड़ की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 11 से अधिक पुलिसकर्मी और श्रद्धालु घायल हुए।
घायलों को वणी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए नासिक रेफर किए जाने की जानकारी है।
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों, मंदिरों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, निर्माण स्थलों पर सुरक्षा और आयोजनों में लगाए गए उपकरणों की मजबूती बेहद जरूरी है।
एक ही रात में अलग-अलग शहरों से सामने आई इन घटनाओं ने सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन