बिकिनी के ऊपर 'ॐ' वाला सारोंग पहनकर फंसीं केंडल जेनर : काइली ने बंद किया कमेंट सेक्शन
अमेरिकी सुपरमॉडल और रियलिटी टीवी स्टार काइली जेनर की एक सोशल मीडिया पोस्ट विवादों में आ गई है। काइली ने अपनी बहन केंडल जेनर के 30वें जन्मदिन के मौके पर कुछ तस्वीरें साझा की थीं। बहामास ट्रिप के दौरान यॉट पर बिताए गए पलों की इन तस्वीरों में दोनों बहनें साथ नजर आ रही हैं। पोस्ट के कैप्शन में काइली ने केंडल को दुनिया की सबसे प्यारी लड़की बताया। देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गई, लेकिन कुछ ही समय बाद भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर आपत्ति जतानी शुरू कर दी।
केंडल के आउटफिट को लेकर शुरू हुआ विवाद
दरअसल, तस्वीरों में केंडल जेनर ब्लैक बिकिनी के ऊपर पीले रंग का सारोंग पहने नजर आ रही हैं। इस कपड़े पर हिंदू धर्म का पवित्र प्रतीक 'ॐ' और कुछ धार्मिक मंत्र छपे हुए हैं। इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई भारतीय यूजर्स का कहना है कि धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल इस तरह फैशन के तौर पर करना उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकता है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जताई नाराजगी
काइली की पोस्ट पर कुछ लोगों ने तस्वीरों की तारीफ की, तो कई यूजर्स ने केंडल के पहनावे पर सवाल उठाए। एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि 'ॐ' बेहद पवित्र प्रतीक है और इसे स्विमवियर के साथ फैशन एक्सेसरी की तरह इस्तेमाल करना उचित नहीं है। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि इस तस्वीर को लेकर विवाद होना तय है।
कुछ लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता बताया। एक यूजर ने टिप्पणी की, 'मेरा धर्म आपका फैशन ट्रेंड नहीं है।' देखते ही देखते पोस्ट के कमेंट सेक्शन में इस मुद्दे पर बहस तेज हो गई।
काइली ने बंद किया कमेंट सेक्शन
लगातार बढ़ती आलोचनाओं के बीच काइली जेनर ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट का कमेंट सेक्शन बंद कर दिया है। हालांकि, केंडल ने भी इस तस्वीर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया था और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी तस्वीरें शेयर की जा रही हैं। ऐसे में मामला अभी चर्चा में बना हुआ है।
फिलहाल इस पूरे विवाद पर काइली और केंडल जेनर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन