इंस्टाग्राम पर दोस्ती पड़ी भारी : ‘बॉबी’ ने छात्रा को दी एसिड अटैक और किडनैपिंग की धमकी, केस दर्ज
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद युवती को अपहरण और एसिड अटैक की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। युवती ने जब युवक से बातचीत बंद कर दी, तो वह नाराज हो गया और उसे अगवा करने के साथ एसिड अटैक की धमकी देने लगा। मामले में तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान विजय चौधरी उर्फ बॉबी से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई। हालांकि, बाद में युवती को पता चला कि युवक कथित तौर पर आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है। इसके बाद उसने युवक से बातचीत बंद करने का फैसला लिया।
बातचीत बंद करने पर देने लगा धमकी
युवती के दूरी बनाने से नाराज आरोपी ने उसे किडनैप करने और एसिड अटैक करने की धमकी दी। धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपी विजय चौधरी उर्फ बॉबी को थाने लेकर आई और उससे पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन