CG में सेप्टिक टैंक कांड : एक महीने से लापता थी महिला, रक्षाबंधन पर घर नहीं पहुंची तो खुला हत्या का राज
कोरबा : उत्तर प्रदेश के मेरठ का चर्चित नीले ड्रम कांड अभी लोगों की यादों से पूरी तरह दूर भी नहीं हुआ है कि छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से भी हत्या के बाद शव छिपाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की कथित तौर पर हत्या कर उसका शव घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। करीब एक महीने बाद महिला के परिजनों को उसके लापता होने पर संदेह हुआ और तलाश के दौरान मामले का खुलासा हुआ।
क्या है पूरा मामला?
मामला कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का है। यहां मनोज उरांव अपनी 33 वर्षीय लिव-इन पार्टनर संतोषी के साथ करीब दो वर्षों से रह रहा था। बताया जा रहा है कि मनोज नशे का आदी था और अक्सर विवाद करता था।
जानकारी के मुताबिक, 27 अगस्त को मनोज नशे की हालत में घर पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर संतोषी के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मनोज ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया।
हालांकि, कुछ समय बाद मनोज ने कथित तौर पर संतोषी के साथ दोबारा मारपीट की। इस दौरान महिला की मौत हो गई।
सेप्टिक टैंक में छिपाया शव
महिला की मौत के बाद आरोपी ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया। इसके बाद टैंक का ढक्कन बंद कर दिया गया, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके।
अगले दिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन था। संतोषी के अपने मायके नहीं पहुंचने पर उसके भाइयों ने मनोज से संपर्क किया। आरोप है कि मनोज ने उन्हें गुमराह करते हुए बताया कि संतोषी एक दिन पहले ही घर से चली गई थी।
जब कई दिन बीत जाने के बाद भी संतोषी अपने घर नहीं पहुंची, तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लगातार खोजबीन के दौरान परिजनों को मामले पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच आगे बढ़ी।
जांच के दौरान महिला की मौत और शव को सेप्टिक टैंक में छिपाए जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन