2 करोड़ के गांजे के साथ यूपी के दो तस्कर गिरफ्तार : कंटेनर में बना रखा था गोपनीय चेंबर
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। चिल्फी पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया कंटेनर
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चिल्फी पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ड्राइवर की सीट के ऊपर एक गुप्त चेंबर बना हुआ मिला। पुलिस ने जब चेंबर की तलाशी ली तो उसमें गांजे के 192 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। इन पैकेटों से कुल 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
2.29 करोड़ रुपये से अधिक का मशरूका जब्त
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त गांजा, वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे गांजा
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश लेकर जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन