GST Action : बिलासपुर-मुंगेली में 6 कारोबारियों के ठिकानों पर स्टेट GST की जांच, बावा होटल पर 60 लाख की पेनाल्टी
GST Action: स्टेट जीएसटी विभाग ने टैक्स संबंधी गड़बड़ियों की शिकायतों के बाद बिलासपुर और मुंगेली में कई कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर जांच कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने कुल 6 ठिकानों की जांच की। इनमें बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित तीन कारोबारी और मुंगेली के तीन प्रतिष्ठान शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, टैक्स चोरी, बोगस बिलिंग और ई-वे बिल में अनियमितताओं को लेकर राज्यभर में जीएसटी विभाग की जांच जारी है। इसी क्रम में मुंगेली के कुछ होटल और रेस्टोरेंट विभाग के रडार पर आए थे। इन प्रतिष्ठानों में कच्चे बिल के जरिए टैक्स बचाने की शिकायतों के बाद जांच की गई।
मुंगेली के प्रतिष्ठानों में जांच
विभागीय कार्रवाई के दौरान मुंगेली के बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स, पड़ाव चौक स्थित दिनेश ज्वेलर्स और धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे में जांच की गई।
नुक्कड़ ढाबे पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। विभाग के मुताबिक, शिकायत के आधार पर की गई जांच में कच्चे बिल से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं।
बावा होटल पर 60 लाख की पेनाल्टी
पड़ाव चौक स्थित वैष्णव मिष्ठान भंडार, जिसे बावा होटल के नाम से भी जाना जाता है, पर विभागीय कार्रवाई में 60 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई गई है। इसके साथ ही टैक्स से संबंधित कार्रवाई भी की गई है।
बिलासपुर के व्यापारियों की भी जांच
मुंगेली के अलावा बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र में भी तीन व्यापारियों के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें गुटखा, ड्राई फ्रूट्स और तेल का कारोबार करने वाले व्यापारी शामिल हैं।
जीएसटी विभाग की ओर से टैक्स चोरी, गलत बिलिंग और अन्य कर संबंधी अनियमितताओं को लेकर जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन