16th September 2026

BREAKING NEWS

सूर्यकुमार यादव को दिया अनोखा बर्थडे गिफ्ट, मुंबई पहुंचकर भेंट की आदमकद प्रतिमा

धमाके के बाद फ्लोर के हुए टुकड़े, सामने आया वीडियो

वनडे और टी20 सीरीज का शेड्यूल सामने आया, जल्द होगा स्क्वाड का ऐलान

मोबाइल चोरी की रिपोर्ट लिखाने पहुंचे युवक ने पुलिस पर लगाए मारपीट और पैसे लेने के आरोप, TI लाइन अटैच

स्वाइन फ्लू को लेकर बढ़ी चिंता! छत्तीसगढ़ में 108 संक्रमित, रायपुर में 38 केस, देखें जिलावार आंकड़े

Advertisment

CG News : मोबाइल चोरी की रिपोर्ट लिखाने पहुंचे युवक ने पुलिस पर लगाए मारपीट और पैसे लेने के आरोप, TI लाइन अटैच

Media Yodha Desk Wed, Sep 16, 2026

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और पैसे लेने के आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत बिलासपुर एसएसपी कार्यालय में पहुंचने के बाद मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को लाइन अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह निरीक्षक कपिलदेव चंद्रा को मस्तूरी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मोबाइल चोरी की शिकायत लेकर थाने पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार, बिल्हा थाना क्षेत्र के पत्थरखान निवासी नकुल प्रसाद मांडरे गांव-गांव घूमकर साड़ी और कपड़े बेचने का काम करता है। बताया गया कि 11 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे वह सामान बेचने मस्तूरी की ओर निकला था।

मस्तूरी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने के बाद उसने शराब पी। कुछ दूरी आगे जाने के बाद जब उसने अपनी गाड़ी रोकी और नीचे उतरा, तो उसे मोबाइल चोरी होने की जानकारी हुई। इसके बाद वह मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने मस्तूरी थाने पहुंचा।

रिपोर्ट दर्ज नहीं करने और मारपीट का आरोप

पीड़ित के मुताबिक, उसने थाने में मुंशी शिवचरण मरावी को मोबाइल चोरी की जानकारी दी और बताया कि उसने शराब का सेवन किया है। आरोप है कि उसे बाहर से एक फॉर्म की फोटोकॉपी कराने के लिए भेजा गया।

फॉर्म लेकर वापस लौटने के बाद कथित तौर पर पुलिसकर्मियों ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की। युवक ने पुलिसकर्मी दिनेश निराला, शिवचरण मरावी और नीतीश बंजारे पर अभद्र व्यवहार और थाने के अंदर ले जाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

पीड़ित का दावा है कि घटना के दौरान थाना प्रभारी सलीम खाखा भी थाने में मौजूद थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने कथित मारपीट को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को नहीं टोका।

2 हजार नकद और 3 हजार ऑनलाइन लेने का आरोप

युवक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शराब के नशे में होने के कारण पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसकी जेब से 2 हजार रुपए नकद ले लिए गए और उसकी गाड़ी की चाबी भी अपने पास रख ली गई।

इसके बाद उसे छोड़ने के लिए कथित तौर पर 3 हजार रुपए की मांग किए जाने का आरोप है। पीड़ित के अनुसार, दबाव में उसने अपनी पत्नी से चैट के जरिए सूर्य सागर नाम के व्यक्ति के नंबर पर 3 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।

शिकायत के बाद थाना प्रभारी हटाए गए

मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय तक पहुंचने के बाद बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को लाइन अटैच कर दिया। उनकी जगह निरीक्षक कपिलदेव चंद्रा को मस्तूरी थाने की जिम्मेदारी दी गई है।

शिकायत में युवक ने पुलिसकर्मियों पर लगाए आरोपों की जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सलीम खाखा के कार्यकाल को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आने की बात कही गई है। मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत जांच के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन