30th September 2026

BREAKING NEWS

दुबई-इजरायल फ्लाइट से आया हाईजैक अलर्ट, विमान में सवार थे 100 से अधिक इजरायली यात्री

पति-देवर और सास गिरफ्तार

हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार को गाइडलाइन बनाने कहा

ड्राफ्ट जारी; 30 दिन में दे सकेंगे सुझाव और आपत्ति

रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, कई ट्रेनें रद्द और 2 का बदलेगा मार्ग, देखें पूरी लिस्ट

Advertisment

बिलासपुर में नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या : पति-देवर और सास गिरफ्तार

Media Yodha Desk Wed, Sep 30, 2026

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, देवर और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई है। आरोप है कि पारिवारिक और दहेज विवाद के चलते महिला के साथ मारपीट की गई और फिर गला कसकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाने का प्रयास किया गया।

मृतका की पहचान ग्राम सकर्रा निवासी दुर्गा निर्मलकर (26) के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद दुर्गा ने दो बेटियों को जन्म दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद उसके ससुराल वालों के व्यवहार में बदलाव आया और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

परिजनों के अनुसार, दुर्गा के पति द्वारा उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती थी। साथ ही मायके से 1 लाख 65 हजार रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि पैसे नहीं लाने और दो बेटियां होने को लेकर भी उसे प्रताड़ित किया जाता था।

अस्पताल ले जाने के बाद हुई मौत

26 सितंबर को दुर्गा के मायके वालों को सूचना दी गई कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वह बेहोश हो गई है। परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। सिम्स में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ससुराल पक्ष की ओर से बताया गया कि दुर्गा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि मायके वालों ने इस पर संदेह जताते हुए पुलिस को शिकायत दी। दुर्गा के भाई विदेशी निर्मलकर ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उससे 1 लाख 65 हजार रुपये की मांग की जाती थी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से सामने आया मौत का कारण

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में गला घोंटने के कारण मौत होने की बात सामने आने के बाद मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की गई। पुलिस ने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों के बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद पुलिस ने उनसे दोबारा पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि 26 सितंबर को दहेज और पारिवारिक विवाद को लेकर दुर्गा के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि इसके बाद उसके गले में पट्टा डालकर खींचा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या को आत्महत्या दिखाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत के बाद आरोपियों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। आरोप है कि शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया गया। पड़ोसियों ने दुर्गा को फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद फंदा काटकर उसे नीचे उतारा गया और अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले में पति रोहित निर्मलकर (30), देवर मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ BNS की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन