CG Weather : छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई का दौर शुरू, अब तक बारिश के आंकड़ों पर डालें नजर
CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के 26 सितंबर के अपडेट के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन अब कमजोर होने लगा है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
प्रदेश में सामान्य से 5.6 फीसदी ज्यादा बारिश
एक जून से 26 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में कुल 1150.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 1089.6 मिमी है। इस हिसाब से प्रदेश में अब तक सामान्य से 5.6 फीसदी अधिक बारिश हुई है। राज्य के 14 जिलों में बारिश सामान्य से ज्यादा दर्ज की गई है।
बलरामपुर इस अवधि में सबसे अधिक बारिश वाले जिलों में सबसे ऊपर है। यहां 1551.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 71.1 फीसदी अधिक है। इसके अलावा नारायणपुर में 1720.2 मिमी, गरियाबंद में 1462.1 मिमी, बालोद में 1311.8 मिमी, रायपुर में 1303.6 मिमी और धमतरी में 1301.1 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
रायपुर में सामान्य से 41.6 फीसदी ज्यादा बारिश
राजधानी रायपुर में भी इस मानसून सीजन में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। जिले में अब तक 1303.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 41.6 फीसदी अधिक है।
इसी तरह गरियाबंद में सामान्य से 35.6 फीसदी, बालोद में 25.7 फीसदी और धमतरी में 22.2 फीसदी अधिक बारिश हुई है। महासमुंद में सामान्य से 24.7 फीसदी और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 35 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
वहीं दुर्ग जिले में अब तक 963.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 17.6 फीसदी अधिक है।
इन जिलों में बारिश सामान्य से कम
प्रदेश के कुछ जिलों में अभी भी बारिश की कमी बनी हुई है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सामान्य से 20.3 फीसदी कम बारिश हुई है। इसके बाद बीजापुर में 19.1 फीसदी, सुकमा और बेमेतरा में 17.3-17.3 फीसदी तथा कांकेर में सामान्य से 16.9 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
सबसे कम बारिश वाले जिले
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: 20.3 फीसदी कम
बीजापुर: 19.1 फीसदी कम
सुकमा: 17.3 फीसदी कम
बेमेतरा: 17.3 फीसदी कम
कांकेर: 16.9 फीसदी कम
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश के दौर में कमी देखने को मिल सकती है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन