फर्जी APK फाइल डाउनलोड करते ही हैक हुआ मोबाइल : बैंक अधिकारी को लगा 9.49 लाख का चूना
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वॉशिंग मशीन ठीक कराने के लिए ऑनलाइन ग्राहक सेवा केंद्र का नंबर तलाशना बैंक अधिकारी को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने कंपनी का प्रतिनिधि बनकर उनसे वॉट्सएप पर फर्जी APK फाइल डाउनलोड कराई और मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए बैंक खाते से 9 लाख 49 हजार 364 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर रेंज थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ग्राहक सेवा केंद्र का नंबर तलाशते हुए ठगी का शिकार
जानकारी के मुताबिक, सरकंडा थाना क्षेत्र के विवेकानंद नगर मोपका निवासी 51 वर्षीय विपीन किशोर कुजूर बैंक ऑफ वडोदरा की रहंगी-चकरभाठा शाखा में पदस्थ हैं। उनके घर की वॉशिंग मशीन खराब हो गई थी। इसे ठीक कराने के लिए उन्होंने गूगल पर संबंधित कंपनी के ग्राहक सेवा केंद्र का नंबर खोजा।
ऑनलाइन मिले नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने शिकायत दर्ज करने के नाम पर पीड़ित के वॉट्सएप पर एक APK फाइल भेजी और उसे मोबाइल में डाउनलोड करने के लिए कहा।
फर्जी APK से मोबाइल हैक, खाते से निकले 9.49 लाख
कथित प्रतिनिधि के झांसे में आकर विपीन किशोर ने फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद उसमें अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज किया। हालांकि, कुछ ही देर में प्रक्रिया रुक गई और उनका मोबाइल फोन हैक हो गया।
आरोप है कि 13 से 15 नवंबर के बीच साइबर ठगों ने अलग-अलग UPI ट्रांजेक्शन के जरिए उनके बैंक खाते से कुल 9,49,364 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से रकम कटने के मैसेज आने के बाद उन्होंने बैंक से खाते का विवरण निकलवाया। तब उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने साइबर रेंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी ने साइबर ठगी से बचने की दी सलाह
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने लोगों को साइबर ठगों से सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि ठग अक्सर लोगों पर जल्दबाजी में निर्णय लेने का दबाव बनाते हैं। ऑनलाइन नौकरी, अधिक मुनाफे वाले निवेश, इनाम, गेमिंग और आकर्षक ऑफर के नाम पर पैसे मांगने वालों की पहले अच्छी तरह जांच करनी चाहिए।
पुलिस ने लोगों से अनजान नंबरों से भेजी गई APK फाइल डाउनलोड नहीं करने और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन