रायपुर की अनाज मंडी में भीषण आग : दीपावली की रात तीन दुकानों में लगी आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका
रायपुर। राजधानी रायपुर के डुमरतराई अनाज मंडी में दीपावली की देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मंडी स्थित तीन दुकानों में आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेश्वरी की दुकानें आग की चपेट में आ गईं। तीनों दुकानें B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।
तेजी से फैली आग, सुनाई दिए कई धमाके
जानकारी के मुताबिक, माना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली डुमरतराई मंडी में स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी सामान की दुकानों में अचानक आग लग गई। दुकानों में बड़ी मात्रा में सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही देर में तीनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था। इस दौरान दुकानों के भीतर से कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
10 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग, SDRF और निजी प्लांटों की करीब 10 गाड़ियों को लगाया गया है। सभी टीमें मिलकर आग बुझाने में जुटी हुई हैं।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही दुकानों में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। वहीं, माना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन