छत्तीसगढ़ में 8 हजार से ज्यादा पदों पर रोजगार का मौका : 7-8 अक्टूबर को लगेगा राज्य स्तरीय रोजगार मेला
रायपुर: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी बड़ी खबर है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से राजधानी रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
बड़ी संख्या में कंपनियां लेंगी हिस्सा
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. के अनुसार, रोजगार मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इसका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्त पदों के लिए युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न कंपनियों और उद्योगों में उपलब्ध पदों की जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही वे संबंधित पदों के लिए सीधे आवेदन भी कर सकेंगे।
ऑनलाइन कर सकते हैं पंजीयन
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और अपना पंजीयन करा सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान ही ऑफर लेटर प्रदान करने की भी तैयारी की गई है।
युवाओं तक पहुंचाई जा रही जानकारी
रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। संबंधित विभागों और जिलों को भी युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार के इस आयोजन के जरिए युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित उद्योगों और संस्थानों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन