शिक्षक भर्ती को लेकर बवाल : शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले में परिजनों संग धरने पर बैठे डीएड अभ्यर्थी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के रायपुर स्थित बंगले पहुंच गए और परिसर में धरने पर बैठ गए। अभ्यर्थियों की मांग है कि रिक्त 2300 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और इसके लिए निश्चित तारीख घोषित की जाए।
जानकारी के अनुसार, डीएड अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लंबे समय से मांग पूरी नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों ने अब शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचकर प्रदर्शन किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सहित अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं थे। वहीं, प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को वहां से हटाया गया। आरंग एसडीएम रवि सिंह के मुताबिक, अभ्यर्थी नियम विरुद्ध तरीके से बंगले में पहुंचे थे। उन्हें वहां से हटाकर बसों के जरिए रायपुर ले जाया जा रहा है। मामले में आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कोर्ट के आदेश के बाद भी नियुक्ति का इंतजार
यह पूरा मामला वर्ष 2023 की सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा हुआ है। डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि बीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति निरस्त होने के बाद रिक्त पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जानी थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
अभ्यर्थियों का दावा है कि सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं मिल पाई है। वे न्यायालय के आदेशों का पालन कराते हुए 2300 सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग कर रहे हैं।
321 दिनों से जारी है आंदोलन
नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों में कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को ज्ञापन सौंप चुके हैं। अपनी मांगों को लेकर वे कैंडल मार्च, मौन धरना, दंडवत यात्रा और सांकेतिक प्रदर्शन भी कर चुके हैं। इसके बावजूद नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है।
अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि 2300 रिक्त सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति जल्द की जाए और सरकार इसकी स्पष्ट समय-सीमा घोषित करे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन