स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ का जलवा : रायपुर-बिलासपुर समेत तीन शहरों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन शहरों को सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर इसकी आधिकारिक जानकारी दी है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुशी जाहिर करते हुए तीनों शहरों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की जागरूकता एवं सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को जनआंदोलन बताते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वहीं, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी तीनों नगरीय निकायों की टीमों और नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश के अन्य शहरों को भी स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ को मिली पहचान
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह ने छत्तीसगढ़ में स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों और नागरिकों की भागीदारी की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के तीन शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन सामूहिक प्रयासों और बेहतर उपलब्धियों को दर्शाता है। स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण है। इस उपलब्धि से राज्य के अन्य नगरीय निकायों को भी स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
'स्वच्छता की नई पहल' बनी अभियान की थीम
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम 'स्वच्छता की नई पहल - बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई है। इसके माध्यम से सामूहिक जिम्मेदारी, जनजागरूकता और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन इस बात का प्रमाण है कि स्वच्छ शहर बनाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ आम नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है। नियमित साफ-सफाई, बेहतर प्रबंधन और जागरूकता अभियान ने इन शहरों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
सफाई मित्रों को मिलेगा विशेष सम्मान
नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों के योगदान को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्रालय ने राज्य और चयनित शहरों के प्रतिनिधिमंडलों में सफाई मित्रों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। प्रत्येक शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर पुरस्कार ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।
इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता अभियान में दिन-रात जुटे सफाई मित्रों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन