Mungeli News : 26वीं छत्तीसगढ़ जूनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप का शुभारंभ, खिलाड़ियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
जिला मुंगेली में 26वीं छत्तीसगढ़ जूनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ आज 16 अक्टूबर को मुंगेली में कस्तूरी होटल के पास स्थित मैदान में किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय, वरिष्ठजन श्री अनिल सोनी, कबड्डी संघ अध्यक्ष श्री शशिकांत बघेल, एवं पत्रकारबंधुगण उपस्थित रहे, अतिथियों द्वारा फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जिले में संचालित “पहल – बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ” अभियान के अंतर्गत “साइबर अपराध मुक्त मुंगेली” के संकल्प को लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पुलिस टीम के सहायक उपनिरीक्षक मधुकर रात्रे एवं बबीता श्रीवास द्वारा खिलाड़ियों को ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक, फर्जी कॉल एवं संदेशों से सतर्क रहने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इस चैंपियनशिप में प्रदेश के विभिन्न जिलों के कुल 30 जूनियर दलों के 540 खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक, 30 निर्णायक तथा छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। खेल प्रतियोगिता के साथ साइबर जागरूकता का यह प्रयास युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन