CG News : 21 राज्यों के 150 लोगों से ठगी का मामला, दिल्ली से पकड़ा गया साइबर गिरोह का पांचवां आरोपी
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करने में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने दिल्ली के सरिता विहार इलाके से गिरोह के पांचवें सक्रिय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सचिन कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग का रहने वाला है और वर्तमान में दक्षिण दिल्ली के मदनपुर खादर में रह रहा था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने साइबर ठगी की गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
फर्जी संस्था के नाम पर खुलवाया बैंक खाता
मामले की जांच भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के पोर्टल से मिले संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश चक्रधारी ने SBI की सूरजपुर शाखा में 'डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन' नाम से संस्था पंजीकृत कराकर बैंक खाता खुलवाया था।
इस खाते के जरिए करीब 13 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ था। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी से जुड़ी रकम के लेनदेन में किया गया था।
21 राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क
जांच में इस नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ देश के 21 राज्यों के 150 पीड़ितों की शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में कुल 1,13,32,09,604 रुपये के ठगी संबंधी लेनदेन का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे। इसके बदले उन्हें करीब 39 लाख रुपये कमीशन मिला था। इस तरह बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम का लेनदेन किया जा रहा था।
चार आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
सूरजपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी प्रहलाद यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली में कार्रवाई करते हुए सचिन कुमार को गिरफ्तार किया।
इससे पहले पुलिस मुख्य खाताधारक देवनारायण चक्रधारी, महेश चक्रधारी, अमन पासवान और जिशान रजा को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन