CG News : तेज बहाव में फंसी 70 यात्रियों से भरी बस, पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू; चालक हिरासत में
रायपुर: राजधानी के पास सारागांव में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। विधानसभा थाना क्षेत्र के कोल्हान नाले में पानी के तेज बहाव के बीच 70 यात्रियों से भरी जय अंबे की बस फंस गई। बस रायपुर से बलौदाबाजार जा रही थी। मौके पर तैनात पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ी बस
जानकारी के मुताबिक, कोल्हान नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ था। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी मौके पर वाहनों को आगे जाने से रोक रहे थे। इसी दौरान रायपुर से बलौदाबाजार जा रही बस को भी रोकने की कोशिश की गई।
बस में सवार यात्रियों ने भी चालक को तेज बहाव के बीच आगे नहीं जाने की सलाह दी, लेकिन चालक बस को आगे बढ़ाता रहा। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रकों को रास्ता देने के लिए बस को किनारे करना पड़ा। तभी बस पानी के तेज बहाव में फंस गई।
खिड़कियों से बाहर निकाले गए यात्री
बस के नाले में फंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कुछ यात्री घबराकर खिड़की से बाहर निकलने की तैयारी करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी और ग्रामीण तुरंत बस के पास पहुंचे।
रेस्क्यू के दौरान बस की दाईं ओर की खिड़की से यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। पुलिस के साथ ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में मदद की। कुछ ही देर में सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इसके बाद बस को भी पानी के बहाव से बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए किए गए रेस्क्यू के चलते बड़ा हादसा टल गया।
चालक हिरासत में, दस्तावेजों की जांच
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि मौके पर मौजूद पुलिस की चेतावनी और यात्रियों के मना करने के बावजूद उसने बस को आगे क्यों बढ़ाया।
पुलिस ने बस के परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की है।
पुलिस ने बताया कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को कोल्हान नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ था। मौके पर पुलिस टीम वाहनों को आगे जाने से रोक रही थी। इसके बावजूद यात्री बस आगे बढ़ गई।
उन्होंने बताया कि सामने से ट्रकों की आवाजाही के दौरान बस को साइड करना पड़ा, जिसके बाद वह पानी के तेज बहाव में फंस गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्रियों को खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला। सभी यात्री सुरक्षित हैं और बस को भी बाहर निकाल लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन