बड़ा हादसा : लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, मचा हड़कंप
नेपाल: पड़ोसी देश नेपाल के सोलुखुंबु जिले में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान हुई, जब फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दुर्घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों को टकराते हुए देखा जा सकता है।
लैंडिंग के दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे टकराए
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, दोनों हेलीकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान उनके पंखे आपस में टकरा गए और दुर्घटना हो गई। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतक भारतीय नागरिक, न्यूजीलैंड का नागरिक घायल
सोलुखुंबु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी के अनुसार, खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र के फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकराए थे।
जिला प्रशासन के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है, जो भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक हैं।
इस दुर्घटना में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर से अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतक के शव को प्रभु हेलीकॉप्टर के जरिए लुक्ला लाया गया है।
फिलहाल संबंधित अधिकारी दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच में जुटे हैं।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन