बिलासपुर जिला कोर्ट में दो वकीलों के बीच मारपीट : पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद; दोनों पक्षों पर केस
बिलासपुर : बिलासपुर के जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। कोर्ट परिसर में तैनात आरक्षक की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वकीलों को थाने ले गई। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोर्ट परिसर में कॉलर पकड़कर हुई मारपीट
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट के मुताबिक, अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे और मुकेश बंजारे बुधवार को जिला न्यायालय परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर दोनों एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर मारपीट करने लगे। न्यायालय परिसर में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने तत्काल घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों अधिवक्ताओं को थाने ले गई।
थाने में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया है।
बलौदाबाजार अग्निकांड मामले से जुड़ा है एक वकील का नाम
पुलिस के अनुसार, अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे का नाम बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट अग्निकांड मामले में सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, प्रशासनिक कार्रवाई के तहत उन्हें जिला बदर किया गया है। इसके बावजूद बुधवार को उनके बिलासपुर जिला न्यायालय परिसर में मौजूद होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि ओम प्रकाश बंजारे और मुकेश बंजारे पहले भीम आर्मी से जुड़े रहे हैं। दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर रंजिश होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सिविल लाइन पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस का कहना है कि मारपीट की घटना से जुड़े तथ्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन