27th September 2026

BREAKING NEWS

LPG सिलेंडर पर 1 अक्टूबर से बदलेंगे 3 बड़े नियम, सब्सिडी और e-KYC को लेकर जानें पूरी जानकारी

छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश से बढ़ा नदियों का जलस्तर, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर भर्ती की बढ़ी लास्ट डेट, अब इस तारीख तक कर सकेंगे अप्लाई

सुग्रीव की सेना में चश्मा पहने वानर देख हैरान हुए लोग

इंटरनेट पर लीक हुईं तस्वीरें, OpenAI ने खुद मानी बात

Advertisment

CG Govt Schools : छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अक्टूबर से बदलेगा पढ़ाई का तरीका, साइंस-गणित की होंगी ऑनलाइन लाइव क्लास 

Media Yodha Desk Sun, Sep 27, 2026

CG Govt Schools: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। अक्टूबर महीने से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में साइंस और गणित समेत कठिन विषयों की संभागवार ऑनलाइन लाइव कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इन कक्षाओं में विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे और पढ़ाई के दौरान आने वाली शंकाओं का समाधान भी करेंगे।

जिन स्कूलों में संबंधित विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां स्मार्ट बोर्ड, दीक्षा पोर्टल और अन्य डिजिटल माध्यमों की मदद से विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा।

अक्टूबर से संभाग स्तर पर होंगी लाइव कक्षाएं

नई व्यवस्था के तहत भौतिकशास्त्र, रसायनशास्त्र, जीव विज्ञान और गणित जैसे विषयों की ऑनलाइन कक्षाएं संभाग स्तर से संचालित की जाएंगी। इसका उद्देश्य ऐसे स्कूलों के विद्यार्थियों को भी विषय विशेषज्ञों से पढ़ने का अवसर देना है, जहां शिक्षकों की कमी है।

शिक्षा विभाग ने स्कूलों को निर्धारित ब्लूप्रिंट के अनुसार पढ़ाई कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई और उनकी प्रगति की निगरानी पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

दिसंबर तक पूरा करना होगा पाठ्यक्रम

विभाग ने मौजूदा शैक्षणिक सत्र में दिसंबर तक पूरा पाठ्यक्रम खत्म करने का लक्ष्य तय किया है। वर्तमान सत्र में अब करीब 49 अध्यापन दिवस ही शेष हैं। ऐसे में स्कूलों को पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए तय समय में सिलेबस पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूलों की पढ़ाई और प्रगति की विभागीय स्तर पर नियमित निगरानी की जाएगी। वहीं, पाठ्यपुस्तकों के बजाय बाजार में उपलब्ध गाइड से पढ़ाने वाले शिक्षकों को लेकर भी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। ऐसे मामलों में संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

5वीं से 8वीं तक बुनियादी शिक्षा मजबूत करने पर जोर

स्कूल शिक्षा विभाग ने कक्षा 5वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक क्षमता मजबूत करने का लक्ष्य भी तय किया है। बच्चों को हिंदी और अंग्रेजी धाराप्रवाह पढ़ने में सक्षम बनाने के साथ-साथ 20 से 25 तक के पहाड़े कंठस्थ कराने पर जोर दिया जाएगा।

दिसंबर तक निर्धारित लक्ष्य हासिल करने वाले बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों और शिक्षकों को सम्मानित करने की योजना भी बनाई गई है।

बैगलेस डे में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

हर शनिवार आयोजित होने वाले बैगलेस डे का उपयोग अब विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए भी किया जाएगा। कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों को साइंस ओलंपियाड, NMMS, श्रेष्ठ, नवोदय और प्रयास जैसी परीक्षाओं के लिए विशेष तैयारी कराई जाएगी।

इस नई व्यवस्था के जरिए विभाग का फोकस विषय शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने और विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक क्षमता मजबूत करने पर रहेगा।

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन