CG News : परीक्षा परिणाम में सुधार की मांग को लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे छात्र-छात्राएं, कॉपियां रिव्यू कराने की मांग रखी!
एक ही कक्षा में 12 से अधिक छात्रों को मिले 2 से 6 अंक।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों के जारी परीक्षा परिणाम निराशाजनक आने के बाद आज विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जेपी वर्मा कॉलेज, एसबीटी कॉलेज एवं डीएलएस कॉलेज, बिलासपुर के छात्र-छात्राएं खराब परीक्षा परिणाम में सुधार की मांग को लेकर परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचे। इस दौरान B.Sc. द्वितीय वर्ष मैथ्स ग्रुप, PGDCA सहित अन्य विषयों के छात्र-छात्राओं ने छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत एवं नीरज यादव के साथ परीक्षा नियंत्रक श्री शरद कुमार देवांगन से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
छात्रों ने बताया कि B.Sc. गणित समूह के कई छात्र-छात्राओं को गणित विषय में मात्र 2 से 6 अंक प्राप्त हुए हैं, जबकि उन्हीं छात्रों को अन्य विषयों में 70 अंक तक प्राप्त हुए हैं। छात्रों ने कहा कि परीक्षा अच्छी जाने के बावजूद इस प्रकार के परिणाम आने से उन्हें मूल्यांकन प्रक्रिया में त्रुटि की आशंका है।
छात्रों ने यह भी बताया कि उनके पूर्व के परीक्षा परिणाम लगातार अच्छे रहे हैं। ऐसे में परीक्षा बेहतर जाने के बावजूद अपेक्षा के विपरीत परिणाम आने से उनमें निराशा है। छात्रों ने छात्रहित में जल्द सकारात्मक निर्णय लेते हुए मामले का निराकरण करने की मांग रखी।
इस दौरान छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत ने परीक्षा नियंत्रक के समक्ष छात्रों की उत्तरपुस्तिकाओं का जल्द से जल्द रिव्यू कराने तथा समीक्षा के बाद छात्रों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग रखी।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई कर विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। इस दौरान छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत, नीरज यादव के साथ जेपी वर्मा कॉलेज, डीएलएस कॉलेज सहित विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अटल विश्वविद्यालय, खराब परिणाम आने से छात्र छात्राएं असंतुष्ट, कॉपियां रिव्यू कराने की मांग रखी! एक ही कक्षा में 12 से अधिक छात्रों को मिले 2 से 6 अंक, बाकी में 70 से अधिक, छात्रों में नाराजगी।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन