भारत पर्व में छाया छत्तीसगढ़ का हुनर : बांस शिल्प और कोसा साड़ियों के मुरीद हुए PM मोदी
रायपुर : राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और पर्यटन की अनूठी झलक देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत पर्व का शुभारंभ करने के बाद छत्तीसगढ़ के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बस्तर और नारायणपुर के शिल्पकारों से मुलाकात कर उनके हुनर और पारंपरिक कलाकृतियों की जमकर सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने स्टॉल पर मौजूद कलाकारों से बांस शिल्प और अन्य पारंपरिक हस्तशिल्प के निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कलाकारों ने बस्तरिया रेला की प्रस्तुति देकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
पर्यटन मंडल की डॉ. सुभदा चतुर्वेदी ने बताया कि 15 दिनों तक चलने वाले भारत पर्व में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की ओर से विशेष स्टॉल लगाया गया है। इसमें प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया जा रहा है। स्टॉल पर डोकरा शिल्प, लौह शिल्प, बांस शिल्प और प्रसिद्ध कोसा साड़ियों को आकर्षण का केंद्र बनाया गया है।
इसके अलावा चंपारण और चित्रकोट जलप्रपात सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं पर्यटन रिसॉर्ट की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। इस पहल के जरिए देशभर से आने वाले पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक कलाओं से रूबरू कराया जा रहा है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन