Chhattisgarh News : घर से आ रही थी तेज बदबू, पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस, दरवाजा खुलते ही सामने आया चौंकाने वाला मंजर!
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर के पास ग्राम पंचायत चौगेल स्थित उनके घर से शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान विमल गोटा के रूप में हुई है। घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया तो अंदर शिक्षक का शव मिला।
सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर एसडीओपी और थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
दो से तीन दिन पुरानी बताई जा रही मौत
शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि शिक्षक की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विमल गोटा घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी भी पेशे से शिक्षिका हैं और दोनों अलग-अलग रहते थे। पड़ोसियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उनके घर में किसी की आवाजाही नहीं देखी गई थी। घर के आसपास से गुजरने के दौरान तेज बदबू महसूस हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस शिक्षक की पत्नी और उनके करीबी लोगों से संपर्क कर मामले से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है। फिलहाल मौत के वास्तविक समय और कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन